नगांव : केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने आज बुधवार को भाजपा के महा जनसंपर्क अभियान के बारे में कहा कि पिछले नौ वर्षों में भाजपा की केंद्र सरकार की ओर से किए गए विकासमूलक कामों का ब्यौरा जनता के बीच ले जाने के उद्देश्य से पूरे देशभर में महा जनसंपर्क अभियान शुरू किया  गया और नगांव में भी अगले कुछ दिनों के अंदर ही एक विशाल महा जन संपर्क अभियान रैली का आयोजन किया जाएगा।  उन्होंने कहा कि संभवत: प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी अपने काम-काजो का लेखा जोखा इसी महाअभियान सभा के माध्यम से आम लोगों के बीच रखेंगे, जिससे जनता भाजपा की ओर से  किए जा रहे उत्थानमूलक कामों के बारे में जान सकेगी। हालांकि सभा का स्थल अभी तक तय नहीं है।

आज नगांव आवर्त भवन में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन कर केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने संवाददाताओं से कहा कि जो काम कांग्रेस के लंबे शासन में नहीं हुआ,वह काम नरेंद्र मोदी की सरकार ने कर दिखाया। इसलिए नार्थ ईस्ट को लेकर बाहर के लोगों की नकारात्मक सोच में काफी बदलाव हुआ है और लोग नार्थ ईस्ट में आने का मन बना रहे हैं। यहां पर्यटक क्षेत्र को काफी बढ़ावा मिला है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय रेल राज्यमंत्री राजेन गोंहाई का नाम बार-बार लेते हुए कहा कि राजेन गोंहाई और मैं बार-बार संसद भवन में नार्थइस्ट के उत्थान के बारे में आवाज लगाते रहे, लेकिन उस समय कांग्रेस की सरकार ने नार्थ- इस्ट को सौतेली नजरों से देखने का काम किया, जिसके कारण यहां विकास का काम नहीं हो सका, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में नार्थ ईस्ट में काफी विकासमूलक कामों को महत्व दिया गया और यही कारण है आज नार्थ- ईस्ट की छवि बदली है। यहां ट्रांसपोर्टेशन व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। विकास के अवसर खुले है।

उन्होंने डॉ.भूपेन हजारिका के गीतों का हवाला देते हुए कहा कि भूपेन हजारिका ने कहा था कि असम मेरी मां है और अरुणाचल मेरे पिता है। यही भावना को लेकर असम से मुझे काफी लगाव है और मैं भी असम को अरुणाचल की नजरों से देखता हूं। जलवायु परिवर्तन को लेकर पूर्वांचल प्रहरी के इस संवाददाता  की ओर से किए गए एक सवाल के जवाब  में केन्द्रीय भू-विज्ञान मंत्री रिजीजू ने कहा कि केन्द्रीय सरकार के नेतृत्व में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा इस संदर्भ में एक टीम शोध कार्य में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जलवायु के बारे में अध्ययन के लिए मेगा सुपर फास्टेड रेडर के मुख्य केंद्र नोएडा और पुणे में स्थापित किए गए हैं,जो जलवायु की हर मिनटों की गतिविधियों की जानकारी देते  हैं। जलवायु परिवर्तन के समाधान के बारे में भी एक रिसर्च टीम काम कर रही है। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोंहाई, सांसद राजू विस्ता,राज्य सरकार की मंत्री नंदिता गार्लोसा, सदर विधायक रुपक शर्मा और बढ़मपुर के विधायक जीतू गोस्वामी उपस्थित थे।