गुवाहाटी :  जैसे- जैसे लोकसभा  चुनाव- 2024  के दिन नजदीक आ रहे हैं, वैसे- वैसे सभी राजनीतिक दलों ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में  अब भाजपा ने पूरे देश में जनसंपर्क अभियान छेड़ दिया है। उसी के हिस्से के रूप में शुक्रवार को भाजपा ने डिफू के चुटियानाला में एक बड़ी जन रैली का आयोजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में अब 12 मेडिकल कॉलेज हैं, एक एम्स है, डिफू सहित 9 कैंसर अस्पताल हैं। अब असम में कैंसर के मरीजों को इलाज के  लिए चेन्नई और मुंबई नहीं जाना पड़ेगा, इनका इलाज डिफू  में होगा। सीएम ने कहा कि अप्रैल 2024 में हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व में हमारे पास अरुणोदोई, मुफ्त चावल, आतंक मुक्त कार्बी आंगलोंग संभव हुआ है। पिछले साल डिमा हसाओ जिले में दबे रेलवे स्टेशनों को चार महीने के भीतर फिर से खोल दिया गया है, विशाल विकास परियोजनाओं को लागू किया गया है, एक लाख बेरोजगारों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य में 3,27,000 स्वयं सहायता समूह हैं वहां 40 लाख महिलाएं हैं। इस बार हम इन 40 लाख महिलाओं में से प्रत्येक को बिजनेस करने के लिए 10-10 हजार रुपए देंगे। उन्हें स्वयं सहायता समूहों से भी पैसा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बड़ी घोषणा की कि कारोबार चलाने के लिए बैंकों से लिए गए कर्ज का ब्याज भी सरकार भरेगी। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उनकी आलोचना करते हुए कहा कि कुछ लोग विदेश जाकर देश को बदनाम करते हैं।

लेकिन विदेशी राष्ट्राध्यक्ष हमारे प्रधानमंत्री को अपना बॉस कहते हैं। मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि उन्हें आज ही पता चला है कि कार्बी आंगलांग जिले में टीईटी शिक्षकों को एसयूआई की कमी के कारण नौ महीने से वेतन नहीं मिला है। भाजपा पर कुकी उग्रवादियों की मदद से मणिपुर में सरकार बनाने के आरोप के बारे में सीएम ने कहा कि इतने लोगों ने वोट देकर सरकार बनाई है, वहां उग्रवादियों की मदद की क्या जरूरत है ? उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मान्यता रद्द करने के बारे में उन्होंने कुछ नहीं सुना है।

जनसभा में भाग लेकर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वैजयंत जय पांडा और मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलीराम रोंगहांग ने भी अपने भाषण में मोदी सरकार के दौरान देश में हुए विकास के बारे में बताया। कार्यक्रम में सांसद हरेन सिंह बे, मंत्री नंदिता गार्लोसा, डिमा हसाओ के मुख्य कार्यकारी देवलाल गार्लोसा, असम विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. नोमल मोमिन, विधायक विद्यासिंग इंग्ले, दरसिंग रंगहांग, रूपसिंह टेरोन, जिलाध्यक्ष रालेंद्र किलिंग, रुदीप रोंगहांग और पार्टी नेता रतन टेरोन सहित कई नेताओं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।