वाशिंगटन : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका यात्रा से कुछ दिन पहले अमरीका में काम करने और वहां रहने के लिए ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बाइडेन प्रशासन ने पात्रता मानदंड पर नीतिगत दिशानिर्देश जारी कर नियमों में ढील दी है। राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन के आमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 जून तक अमरीका की यात्रा पर रहेंगे।
रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज (ईएडी) के लिए प्रारंभिक और नवीनीकरण आवेदनों के लिए पात्रता मानदंड के संबंध में अमरीकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) द्वारा जारी किए गए निदानिर्देश से हजारों भारतीय प्रौद्योगिकी पेशेवरों को मदद मिलने की उम्मीद है। ये पेशेवर ग्रीन कार्ड या स्थायी निवास की लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे हैं। ‘ग्रीन कार्ड’ को आधिकारिक तौर पर एक स्थानीय निवास कार्ड के रूप में जाना जाता है।
यह अमरीका पहुंचे आव्रजकों को जारी किया जाने वाला ऐसा दस्तावेज है, जो इस बात का सबूत होता है कि इसके धारक को स्थायी रूप से निवास करने का विशेषाधिकार दिया गया है। आव्रजन कानून के तहत करीब 1,40,000 रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड हर साल जारी किए जाते हैं। हालांकि, किसी एक देश के लोगों को केवल सात फीसदी ग्रीन कार्ड दिए जा सकते हैं।
फाउंडेशन ऑफ इंडिया एंड इंडियन डायस्पोरा स्टडीज (एफआईआईडीएस) ने इस तरह के कदम उठाने के लिए यूएससीआईएस की सराहना की है। एफआईआईडीएस के मुताबिक इस कदम से बड़ी संख्या में भारतीय आईटी पेशेवरों को मदद मिलेगी।