सिमलगुड़ी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्वाधीन केंद्र सरकार के कार्यकाल के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा चलाया जा रहा संपर्क  अभियान से समर्थन  के क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज जोरहाट लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आमगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित किया। मालूम हो कि इस अभियान का मूल उद्देश्य भाजपा सरकार द्वारा देश के लोगों के लिए जारी जनहितैषी योजनाओं एवं आर्थिक सामाजिक उत्थान के कार्यों से जुड़ी जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाना था। शिवसागर जिले के आमगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दुर्लभ चंद्र गोगोई जकाइचुक हाई स्कूल खैल मैदान में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में लोगों को जानकारी दी व आगामी लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को पुनः विजयी बनाने का आह्वान किया।

नड्डा ने अपने संबोधन में वर्तमान केंद्र सरकार को एक ठोस निर्णय लेने वाली सरकार बताते हुए कहा कि 2014 के पूर्व की सरकार जहां भ्रष्टाचार के लिए जानी जाती थी, वहीं आज की सरकार विकास के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण इन तीनों मामलों में भाजपा नेतृत्वाधीन मोदी सरकार ने काम किया है। आज दुनिया के देशों के सामने भारत इज्जत के साथ खड़ा है। नड्डा ने इंफ्रास्ट्रख्र की बात कहते हुए बताया कि 2014 से 2022 के बीच 18 हजार करोड़ रुपए इंफ्रास्ट्रख्र के लिए खर्च हुए हैं। उनका कहना था कि वर्ष 2014 से पहले बारह किलोमीटर सड़क प्रति दिन बनती थी, लेकिन 2014 के बाद से 29 किमी सड़क प्रति दिन बन रही है। अब तक कुल 54 हजार किलोमीटर सड़क बनने की जानकारी नड्डा ने दी। इसके अलावा 18 वंदे भारत ट्रेन अब तक शुरू हो चुकी है और अगले दो हफ्ते में 23 और वंदे भारत ट्रेने शुरू होने जा रही है।

नड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूर्वोत्तर को 16 नए एयरपोर्ट मिल चुके हैं। उनका कहना था कि कुल मिलाकर भाजपा के नेतृत्व में देश की तस्वीर बदल रही है। उल्लेखनीय है कि आज की जनसभा में पहुंचे लोगों के लिए निर्मित सभा मंडप में पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता, भाजपा के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा सहित राज्य कैबिनेट के मंत्री जोगेन मोहन, शिक्षा मंत्री रनोज पेगु, लोकसभा सांसद तपन कुमार गोगोई, राज्यसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा सहित कई नेता मौजूद थे। जोरहाट संसदीय सीट के अधीन आने वाली विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा के विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी, अलग-अलग मंडलों के प्रभारी, पार्टी के जिला अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने आज की सभा में हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि राज्य में लोकसभा क्षेत्र में महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत गत तीस मई से की गई थी और आज उसी के तहत जोरहाट संसदीय सीट के अधीन शिवसागर जिले की आमगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में इस सभा का आयोजन किया गया।

मौसम की बेरुखी के बावजूद सभा स्थल की युद्ध स्तर पर की गई तैयारी एवं केद्रीय नेतृत्व तथा प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति से भाजपा समर्थकों में जबरदस्त उत्साह का नजारा देखा गया। इधर आज सुबह डिबू्रगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जोरहाट पहुंचकर भाजपा के जनसंपर्क अभियान को गति देते हुए शहर के चार प्रभावशाली व्यक्ति क्रमशः ओमप्रकाश गट्टाणी, रक्तिम सैकिया, डॉ. पंकज बरुवा व शांता शर्मा के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इसके अलावा शिवसागर के ऐतिहासिक शिवदौल में भगवान भोलेनाथ का दर्शन करने के अलावा जोरहाट में एक कार्यकर्ता सम्मेलन में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हिस्सा लिया।