गुवाहाटी : चुनाव आयोग ने आज मंगलवार को असम के लिए परिसीमन दस्तावेज जारी कर दिया। जारी दस्तावेज के मुताबिक असम में विधानसभा सीटों की संख्या 126 और लोकसभा सीटों की संख्या 14 को बरकरार रखने का प्रस्ताव किया गया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार चुनाव आयोग ने प्रस्ताव किया है कि अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों को आठ से बढ़ाकर नौ और अनुसूचित जनजाति की सीटों को 16 से बढ़ाकर 19 किया जाए। एक संसदीय सीट का नाम काजीरंगा रखने का प्रस्ताव किया गया है। परिसीमन पर चुनाव आयोग के मसौदे में एसटी के लिए 19 विधानसभा और दो संसदीय सीटें और एससी के लिए नौ विधानसभा और एक संसदीय सीट आरक्षित करने का प्रस्ताव है।
चुनाव निकाय ने प्रस्ताव दिया कि पश्चिम कार्बी आंगलांग के स्वायत्त जिलों में विधानसभा सीटों की संख्या एक और बोडोलैंड स्वायत्त परिषद क्षेत्रों में तीन (16 से 19) तक बढ़ाई जाए। चुनाव आयोग ने एसटी के लिए आरक्षित डिफू और कोकराझाड़ संसदीय सीटों को बरकरार रखा है और लखीमपुर संसदीय सीट को अनारक्षित रखा गया है। प्रस्तावों के अनुसार धेमाजी जिले में एक अनारक्षित विधानसभा सीट होगी। बराक घाटी जिलों के लिए दो संसदीय सीटों का प्रस्ताव किया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे और अरुण गोयल जुलाई में मसौदा प्रस्ताव पर जन सुनवाई के लिए असम का दौरा करने वाले हैं। परिसीमन अभ्यास 2001 की जनगणना के आधार पर किया गया है। पिछला परिसीमन 1976 में असम में किया गया था।
परिसीमन की कवायद को निष्पक्ष और न्यायसंगत बनाने की मांग करते हुए पोल पैनल ने संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों और अभ्यावेदन में प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखते हुए दिशा-निर्देश और कार्यप्रणाली तैयार की है। चुनाव आयोग ने इस साल 26 मार्च से 28 मार्च तक असम का दौरा किया और राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, नागरिक समाज के सदस्यों, सामाजिक संगठनों, जनता के सदस्यों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सभी जिलों के उपायुक्तों और जिला चुनाव सहित अधिकारियों के साथ बातचीत की। कुल मिलाकर 11 राजनीतिक दलों और 71 अन्य संगठनों से अभ्यावेदन प्राप्त हुए और उन पर विचार किया गया। दूसरी ओर सबसे निचली प्रशासनिक इकाई ग्रामीण क्षेत्रों में गाँव और शहरी क्षेत्रों में वार्ड होगी। गांव और वार्ड को अक्षुण्ण रखा गया है और राज्य में कहीं भी तोड़ा नहीं गया है।
मसौदा प्रस्ताव प्रशासनिक इकाइयों यानी ग्रामीण क्षेत्रों में विकास खंड, पंचायत और गांव और शहरी क्षेत्रों में नगरपालिका बोर्ड, वार्ड के आधार पर तैयार किया गया है। बयान में कहा गया है कि चुनाव आयोग ने भौतिक सुविधाओं, जनसंख्या आबादी, प्रशासनिक इकाइयों की मौजूदा सीमाओं, संचार की सुविधाओं और सार्वजनिक सुविधा के संबंध में सभी निर्वाचन क्षेत्रों को भौगोलिक दृष्टि से कॉम्पैक्ट क्षेत्रों के रूप में रखने का प्रयास किया है। इसने कहा कि भौगोलिक विशेषताओं, जनसंख्या घनत्व, संचार के साधनों, सार्वजनिक सुविधा, क्षेत्रों की निकटता में भारी अंतर-जिला भिन्नता के कारण कुछ हद तक विचलन की अनुमति दी गई है।
चुनाव आयोग ने कहा कि कुछ मामलों में प्रशासनिक इकाइयों को तोडऩे से बचने की आवश्यकता को पूरा करने की भी अनुमति दी गई है क्योंकि निर्वाचन क्षेत्रों को सभी मामलों में समान जनसंख्या वाले निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन नहीं किया जा सकता है।असम में पिछले परिसीमन (1976) के बाद से जिलों की संख्या 10 से बढ़कर 31 हो गई है और इसी तरह विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तरों पर प्रशासनिक इकाइयों की संख्या में भारी बदलाव आया है। इन सभी कारकों को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने सभी 31 जिलों को तीन व्यापक श्रेणियों ए, बी और सी में वर्गीकृत किया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में वर्तमान में 14 लोकसभा, 126 विधानसभा और सात राज्यसभा सीटें हैं।