लखीमपुर :भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शुरू किए गए महाजनसंपर्क अभियान के तहत आज शुक्रवार को लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुवनसिरी में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सुबनसिरी कॉलेज मैदान में हुई जनसभा में हिस्सा लेते हुए राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की ओर से नेतृत्व संभालने के बाद देश को एक नई ऊर्जा मिली है। उनके कार्यकाल के नौ वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और इन नौ वर्षों में प्रधानमंत्री ने असम तथा देश को जो उपहार प्रदान किए हैं, उसके लिए वे इन जनसभा के जरिए उनका आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने आगामी वर्ष में होने वाले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में चुनकर देश का नेतृत्व प्रदान करने का आम जनता से आह्वान कया।
सीएम हिमंत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में असम में ब्रह्मपुत्र नदी के ऊपर दो बड़े पुलों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इन दोनों पुलों के निर्माण होने से क्षेत्र के विकास में काफी मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर वासी निश्चिंत रहें। कारण कि माजुली में भी एक पुल के निर्माण का काम चल रहा है। जोरहाट-माजुली और माजुली-लखीमपुर के बीच हो रहे पुल के निर्माण-कार्य की जानकारी देते हुए कहा कि निर्धारित समय के भीतर उक्त पुलों को आम जनता को समर्पित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि भारत सरकार ब्रह्मपुत्र के नीचे एक सुरंग का निर्माण करेगी। इस सुरंग के तैयार होने से ट्रेनें व बसें पानी के नीचे चलेगी। यह सुरंग गोहपुर और नुमलीगढ़ के बीच छह हजार करोड़ रुपए की लागत से बनेगी। उन्होंने कहा कि काजीरंगा में 32 किलोमीटर लंबा विशेष फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र पुनर्निर्धारण मसौदा 102 निर्वाचन क्षेत्रों में खिलंजिया लोगों के अस्तित्व को सुरक्षित करेगा।
असम में खिलंजिया का अस्तित्व अगले तीस सालों तक सुरक्षित होने की बात सीएम ने कही। उन्होंने कहा कि लाख नौकरियां देकर ही सरकार नहीं रुकेगी। मुख्यमंत्री ने इस सरकार द्वारा प्रति वर्ष तीस हजार से चालीस हजार तक नौकरियां देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि अरुणोदय योजना में अन्य नौ लाख लोगों को सरकार द्वारा कवर किया जाएगा। अक्तूबर तक हर गरीब व्यक्ति को राशन कार्ड मिल जाएगा। राशन कार्ड पर गरीबों को पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज भी मिलेगा। इस एक राशन कार्ड से डबल लाभ होगा। इस कार्ड से चावल भी मिलेगा और इलाज भी होगा। उन्होंने कहा कि दो लाख शिक्षित बेरोजगार युवाओं को दो-दो लाख रुपये मिलेंगे। प्रत्येक एसएचजी सदस्य को पहले वर्ष में दस हजार रुपए मिलेंगे। अच्छा काम करने वाली महिलाओं को दूसरे साल में बीस हजार रुपए मिलेंगे। उन्होंने कहा कि असम में अब कोई आंदोलन नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने असमिया माध्यम के स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम के निजी स्कूलों से बेहतर बनाने का भी वादा किया। अपने संबोधन में उन्होंने माजुली के साथ ही राज्य की जनता को एक से बढ़कर एक कई आश्वासन दिए। उन्होंने भाजपा के कार्यकाल में असम में हो रहे विकास के संदर्भ में लोगों को अवगत कराते हुए कहा कि राज्य के लखीमपुर, धेमाजी, जोरहाट, डिबू्रगढ़, तिनसुकिया आदि जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं और जल्द ही अन्य जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। जनसभा में शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु, सांसद प्रदान बरुवा, विधायक क्रमशः नव दलै, मानव डेका, भुवन गाम, बोलिन चेतिया सहित पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।