गुवाहाटी :भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से असम के 19 जिले प्रभावित हुए हैं। दूसरी ओर बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार की ओर से व्यापक स्तर पर प्रबंध किए गए हैं। एसडीएमए की ओर से शुक्रवार शाम 4ः00 बजे तक पिछले 24 घंटों में बाढ़ की स्थिति पर जारी असम की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार मानस (एनएच रोड क्रॉसिंग), पगलादिया (एनटी रोड कॉॅसिंग), पुथिमारी (एनएच रोड क्रॉॅसिंग), ब्रह्मपुत्र (धुबड़ी; नेमाटीघाट) में नदियां खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं।
बाढ़ से कुल 19 जिले प्रभावित हुए हैं जिनमें बजाली, बक्सा, बरपेटा, विश्वनाथ, बंगाईगांव, चिरांग, दरंग, धेमाजी, धुबड़ी, डिब्रूगढ़, ग्वालपाड़ा, गोलाघाट, कामरूप, कोकराझाड़, लखीमपुर, नगांव, नलबाड़ी, तामुलपुर, उदलगुड़ी शामिल हैं। इन जिलों में कल 54 राजस्व मंडल के तहत 1538 गांवों के 4,88,525 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों के राहत के लिए कुल 140 राहत शिविर और 75 राहत वितरण केन्द्र खोले गए हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए 63 मेडिकल टीम तैनात की गई हैं। राहत शिविरों में कुल 35142 लोग आश्रय ले रहे हैं।
बाढ़ में नलबाड़ी जिले में एक की मौत की खबर है। बाढ़ में कुल 4,27,474 पशुधन प्रभावित हुए हैं जिनमें 2,17,792 बड़े, 1,33,281 छोटे और 76401 पॉल्ट्री फार्म शामिल हैं। बाढ़ के पानी में 214 जानवर बह गए।