दिसपुर : वृहत्तर गुवाहाटी गोपालक संस्था ने 1 जुलाई से दूध की कीमत में 5 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसकी जानकारी गोपालक संस्था की ओर से शनिवार को दी गई। वृहत्तर गुवाहाटी के गोपालकों ने कहा कि आए दिन गायों को खिलाने वाला चारा, दवाइयां, खेर (पुआल) आदि के दामों में भारी इजाफा हो रहा है, जिसको लेकर हमें काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले वर्ष एक अगस्त से गुवाहाटी में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। बेलगाम मूल्य वृद्धि को देखते हुए नहीं चाहते हुए भी 10 महीने बाद फिर 5 रुपए प्रति लीटर दूध के दाम में इजाफा करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार 2022 में गोपालक दूध को 50 रुपए प्रति ली. खूंटी (अपने घर) से ही बेच दिया करते थे। पिछले वर्ष दूध के दाम में प्रति लीटर तीन रुपए वृद्धि होने के बाद बाजार में ग्राहकों को प्रति लीटर दूध 60 रुपए में मिल रहा था। गोपालक आज से 53 के बदले में 58 रुपए प्रति लीटर दूध व्यापारियों को देंगे। वृहत्तर गुवाहाटी गोपालक संस्था द्वारा प्रति लीटर 5 रुपए दूध के दाम में वृद्धि किए जाने के बाद शनिवार को वृहत्तर गुवाहाटी दूध व्यवसायी संस्था गोपालकों का दूध लेने नहीं पहुंचे। जिसके बाद गोपालकों ने शनिवार को सुबह और शाम को खुद ही गुवाहाटी के बाजारों में जाकर 60 रुपए से 65 रुपए प्रति लीटर दूध बेचा।
दूध के दाम में वृद्धि के निर्णय को लेकर उपभोक्ताओं का कहना है कि गोपालकों से आज तक 53 रुपए दूध खरीद कर दूध के व्यापारी प्रति लीटर 10 रुपए का मुनाफा कमा रहे थे। लेकिन जिला प्रशासन की ओर से इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। गोपालक और दूध व्यवसायी संस्था अपनी इच्छा अनुसार जब मर्जी दूध के दाम में इजाफा करते हैं। इस पर जिला प्रशासन का कोई नियंत्रण नहीं है। अगर हालात ऐसे ही रहे तो जल्द ही 100 रुपए प्रति लीटर दूध खरीदना पड़ेगा। दूध के दाम में इजाफा से पहले वृहत्तर गुवाहाटी गोपालक संस्था और वृहत्तर गुवाहाटी दूध व्यवसायी संस्था को जिला उपायुक्त के साथ बैठक कर दाम में इजाफा करना चाहिए न कि हर साल अपनी मर्जी से दाम में इजाफा करना चाहिए। इससे आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि अन्य राज्यों की तुलना में गुवाहाटी में दूध की कीमत काफी अधिक है।