गुवाहाटी : धुबड़ी जिले के आगमनि थाने के सीमावर्ती इलाकों में पश्चिम बंगाल में हो रहे पंचायत चुनाव संबंधी हिंसात्मक घटना के कारण सैकड़ों भाजपा समर्थकों ने जान बचाने के लिए असम के विभिन्न हिस्सों में शरण ली है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक असम-पश्चिम बंगाल सीमा के निकटवर्ती बालाभूत गांव पंचायत के गोपालेरकुठी बूथ नं. झाउकुठी के बुथ नं. 244, 245, , 249, 250, 251 और 252 पर सुबह से मतदान जारी था।
दोपहर को बालाभूत इलाके से आए तृणमूल कांग्रेसियों के एक बड़े समूह ने लाठी-डंडों और पिस्तौल के साथ मतदान केंद्रों पर कब्जा करना शुरू कर दिया। उन्होंने भाजपा समर्थकों को जान से मारने की भी धमकी दी। भाजपा समर्थक निराश होकर तथा डर के मारे मतदान केंद्र से भाग गए। इसी का फायदा उठाकर तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और अपनी तरफ से सभी वोट डाल दिए। स्थिति और खराब होने के डर से सैकड़ों भाजपा समर्थक आसपास के भामनडांगा, खेरबाड़ी, रणपगली, रामरायकुठी और अन्य इलाकों में शरण लिए।
हालांकि, शाम को सभी लोग घर चले गए, लेकिन रात में हमले की आशंका बरकरार है। झड़प में गोपालेरकुठी और झाउकुठी में 10 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।