गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी में अचानक पैदा हुई वास्तविक दिखने की इच्छा और उतावलापन ‘हास्यास्पद’ है। शर्मा शनिवार को राहुल के हरियाणा के सोनीपत जिले के मदीना गांव में अचानक रुकने का जिक्र कर रहे थे, जहां उन्होंने लोगों से बातचीत की और खेतों में काम करने वाले किसानों के साथ समय बिताया। शर्मा ने यह भी दावा किया कि जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तस्वीरें खिंचवा रहे थे, तब किसानों के साथ धक्का-मुक्की हुई।
हरियाणा में कांग्रेस के नेताओं ने बताया था कि राहुल ने धान की बुआई की, ट्रैक्टर चलाया और खेतों में काम करने वाली महिला मजदूरों द्वारा लाया गया खाना खाया। किसानों के साथ राहुल का एक संक्षिप्त वीडियो साझा करते हुए, शर्मा ने ट्वीट किया, ‘राजकुमार में अचानक पैदा हुई वास्तविक दिखने की इच्छा और उतावलापन हास्यास्पद है।
लेकिन भगवान के लिए, अपनी फोटो और वीडियो टीम से तस्वीर खिंचवाने के अपने उत्साह में, हमारे अन्नदाताओं की गरिमा से खिलवाड़ न करें।’ शर्मा ने कहा कि खुद को किसान बताने के लिए किसानों से धक्का-मुक्की करना निंदनीय है मिस्टर गांधी। रील जीवन पर ध्यान देने के बजाय वास्तविक बनें।