गुवाहाटी : जबरदस्त विरोध के माहौल के बीच राज्य लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन के मसौदे के संबंध में सुनवाई प्राप्त करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की पूरी टीम बुधवार दोपहर को गुवाहाटी पहुंचेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के साथ चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे और अरुण गोयल मामले की सुनवाई करेंगे। दोपहर 12 बजे गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद चुनाव आयोग की टीम थोड़ी देर आराम करेगी और फिर गुवाहाटी में श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र के लिए रवाना होगी। वहां दोपहर 2 बजे से निर्वाचन क्षेत्र के परिसीमन  की सुनवाई होगी। इसी बीच, मंगलवार को राज्य निर्वाचन विभाग ने चुनाव आयोग की टीम की सुनवाई से पहले कई कार्यक्रमों को समायोजित किया है।

तदनुसार आयोग की टीम 19 जुलाई, बुधवार को दोपहर 2 बजे श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र के श्रीमंत शंकरदेव इंटरनेशनल हॉल में कामरूप महानगर, पश्चिम कार्बी आंग्लांग, चिरांग, बाक्सा और डिमा हसाओ के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात करेंगे। वहीं दूसरी ओर श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच के हॉल नं. 3 में कामरूप के प्रतिनिधियों के साथ और श्रीश्री माधवदेव हॉल में उदलगुड़ी, कार्बी आंग्लांग और कोकराझार के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। 20 जुलाई को सुबह 9ः30 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रीमंत शंकरदेव इंटरनेशनल थिएटर में ग्वालपाड़ा, बंगाईगांव, बरपेटा, नलबाड़ी, शोणितपुर और करीमगंज के प्रतिनिधियों के साथ तथा हॉल नं. 3 में दरंग, हैलाकांडी, कछार और दक्षिण शालमारा के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। 20 जुलाई की अपराह्न को आयोग राष्ट्रीय और राज्य मान्यता प्राप्त दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेगा। श्रीश्री माधवदेव हॉल में नगांव, मोरीगांव और धुबरी के प्रतिनिधि के साथ बातचीत करेंगे।

अपराह्न 3.30 बजे से श्रीमंत शंकरदेव इंटरनेशनल हॉल में राष्ट्रीय और आंचलिक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे। वहीं दूसरी ओर आयोग 21 जुलाई प्रातः 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक श्रीमंत शंकरदेव इंटरनेशनल थिएटर में तिनसुकिया, धेमाजी और लखीमपुर जिलों के प्रतिनिधि और श्रीश्री माधवदेव हॉल में डिब्रुगढ़, चराइदेव, गोलाघाट और माजुली के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेगा। चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि राजनीतिक दलों के केवल छह प्रतिनिधियों को ही आयोग से मिलने की इजाजत होगी। साक्षात्कार के उम्मीदवारों को श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आकर सुनवाई से पहले अपना नाम और पता दोबारा दर्ज कराना होगा। राज्य सरकार के सूत्रों ने बताया कि चुनाव आयोग की टीम राजभवन में रात गुजारेगी। सुनवाई के दौरान कोई अप्रिय स्थिति पैदा न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पूरे शंकरदेव कलाक्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी है। सुनवाई के दौरान मीडिया की मौजूदगी भी नहीं होगी। सुनवाई के बाद आयोग 21 जुलाई को 1ः30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाला था लेकिन रहस्यमय कारणों से प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द कर दी गई है।